
Report By: Kiran Prakash Singh
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा है कि वह 2028 में राष्ट्रपति चुनाव लड़ने पर अगले साल फैसला करेंगे। उन्होंने ईरान संघर्ष और अमेरिका-चीन संबंधों पर भी बात की।
आज की तारीख: 17 नवंबर 2026
———————————————————————————————————————————————————————————-
2028 में राष्ट्रपति चुनाव लड़ेंगे या नहीं? JD वेंस ने बताया कब लेंगे फैसला
डिजिटल लाइव ब्यूरो
अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने 2028 में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव को लेकर अपनी राजनीतिक योजनाओं पर अहम बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि वह राष्ट्रपति पद का चुनाव लड़ेंगे या नहीं, इस पर अगले साल किसी समय फैसला लेंगे। हालांकि, उन्होंने अभी अपनी उम्मीदवारी को लेकर कोई स्पष्ट संकेत नहीं दिया है।
फॉक्स न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में वेंस ने कहा कि उन्होंने अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया है और अगले साल इस विषय पर विचार करेंगे। उनके बयान से साफ है कि फिलहाल वह राष्ट्रपति चुनाव की उम्मीदवारी को लेकर जल्दबाजी में नहीं हैं।
अगले साल लेंगे राष्ट्रपति चुनाव लड़ने पर फैसला
जेडी वेंस ने इंटरव्यू में कहा, ”मैंने अभी कोई फैसला नहीं लिया है। हम अगले साल किसी समय इस पर विचार करेंगे।” उन्होंने फैसला लेने की कोई निश्चित तारीख भी नहीं बताई।
वेंस का यह बयान ऐसे समय आया है, जब अमेरिकी राजनीति में 2028 के राष्ट्रपति चुनाव को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। उनके करीबी लोगों के मुताबिक, नवंबर के मिडटर्म चुनावों का उनकी उम्मीदवारी पर फैसला लेने की समय-सीमा पर कोई असर नहीं पड़ा है।
ट्रंप के रनिंग मेट बनने के बाद बढ़ीं अटकलें
जेडी वेंस के राष्ट्रपति पद की दौड़ में शामिल होने की संभावनाओं पर चर्चा तब तेज हुई, जब डोनाल्ड ट्रंप ने 2024 के राष्ट्रपति चुनाव में उन्हें अपना रनिंग मेट चुना था। इसके बाद वेंस अमेरिका के उपराष्ट्रपति बने और राष्ट्रीय राजनीति में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण हो गई।
हालांकि, अपने कार्यकाल के दौरान वेंस ने अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को लेकर सावधानी बरती है। मिडटर्म चुनावों के दौरान भी जब उनके समर्थक भाषणों में 2028 के राष्ट्रपति चुनाव लड़ने की मांग करते थे, तब वह रिपब्लिकन पार्टी को मौजूदा चुनावों पर ध्यान देने की बात कहते थे।
रिपब्लिकन पार्टी में कई नेताओं के नाम चर्चा में
अगर जेडी वेंस राष्ट्रपति चुनाव लड़ने का फैसला करते हैं, तो उन्हें रिपब्लिकन पार्टी के संभावित उम्मीदवारों में प्रमुख दावेदार माना जा सकता है। हालांकि, पार्टी में दूसरे बड़े नेताओं के नाम भी चर्चा में हैं।
इनमें विदेश मंत्री मार्को रुबियो, टेक्सास के सीनेटर टेड क्रूज, फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डेसेंटिस और न्यू जर्सी के पूर्व गवर्नर क्रिस क्रिस्टी जैसे नेता शामिल हैं। ऐसे में 2028 के चुनाव से पहले रिपब्लिकन पार्टी के भीतर संभावित मुकाबला दिलचस्प हो सकता है।
ईरान के साथ संघर्ष पर क्या बोले वेंस?
फॉक्स न्यूज के इंटरव्यू में वेंस ने ईरान के साथ जारी संघर्ष पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने स्वीकार किया कि इस युद्ध की कीमत चुकानी पड़ी है। हालांकि, उन्होंने कहा कि इससे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ उनके रिश्तों पर कोई असर नहीं पड़ा है।
वेंस ने दावा किया कि ट्रंप इस संघर्ष को कभी खत्म न होने वाला युद्ध नहीं बनने देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिकी प्रशासन इस युद्ध को दो साल तक चलने वाला मामला नहीं बनने देगा।
Nvidia विवाद और चीन के साथ संबंधों पर भी चर्चा
इंटरव्यू के दौरान वेंस ने Nvidia और कंपनी के पूर्व CEO जेन्सेन हुआंग से जुड़े विवाद पर भी बात की। उन्होंने अमेरिका-चीन संबंधों पर इसके संभावित असर का जिक्र किया।
वेंस ने कहा कि उन खबरों की सच्चाई को लेकर अभी स्पष्टता नहीं है, जिनमें एक महिला के चीनी जासूस होने का कथित दावा किया गया है। इस मामले में उन्होंने किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से परहेज किया।
फिलहाल जेडी वेंस ने 2028 के राष्ट्रपति चुनाव को लेकर अपना पत्ता नहीं खोला है। अब देखना होगा कि अगले साल वह चुनावी मैदान में उतरने का फैसला करते हैं या नहीं।
पूरी खबर पढ़ने और देखने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें। 👇
🌐 digitallivenews.com