
Report By: Kiran Prakash Singh
अखिलेश यादव ने सपा-कांग्रेस सीट शेयरिंग पर कहा कि सीटों से ज्यादा जीत जरूरी है। उन्होंने बीजेपी को हराने के लिए PDA रणनीति की बात कही।
आज की तारीख: 25 नवंबर 2026
———————————————————————————————————————————————————————————-
कांग्रेस को कितनी सीटें देगी सपा? अखिलेश यादव बोले- जो जीतेगी, वो पाएगी
डिजिटल लाइव ब्यूरो
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे पर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है। इस बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सीट शेयरिंग को लेकर बड़ा बयान दिया। कांग्रेस को कितनी सीटें मिलेंगी, इस सवाल पर उन्होंने कहा कि “जो जीतेगी, वो कांग्रेस पाएगी।” अखिलेश ने साफ किया कि उनके लिए सीटों की संख्या से ज्यादा चुनाव में जीत महत्वपूर्ण है।
1. कांग्रेस को कितनी सीटें देगी सपा?
शिखर सम्मेलन के दौरान अखिलेश यादव से पूछा गया कि समाजवादी पार्टी कांग्रेस को कितनी सीटें देने जा रही है। इसके जवाब में उन्होंने कहा कि जो सीट जीतने की स्थिति में होगी, वह कांग्रेस को मिलेगी। उन्होंने कहा कि सवाल केवल सीटों का नहीं, बल्कि बीजेपी को हराने का है। दोनों दल मिलकर चुनाव लड़ने की रणनीति पर काम करेंगे।
2. बीजेपी को हराने के लिए बनाई जा रही रणनीति
अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी पार्टी ने चुनाव को लेकर अलग-अलग तरह की स्टडी की है। उन्होंने कहा, “हम लोगों ने तमाम तरह की स्टडी की है। कैसे हम लोग कैलकुलेशन करें कि बीजेपी को हरा दें, पूरी रणनीति के तहत और PDA ही हमारा रणनीति का हिस्सा रहेगा।”
उन्होंने गठबंधन की रणनीति में पीडीए को अहम बताते हुए चुनावी तैयारी की बात कही।
3. 100 सीटों के सवाल पर नहीं दिया स्पष्ट जवाब
कार्यक्रम में अखिलेश यादव से पूछा गया कि क्या कांग्रेस को 100 सीटें मिल सकती हैं? इस सवाल पर भी उन्होंने कोई निश्चित संख्या नहीं बताई। उन्होंने कहा कि जब सपा और कांग्रेस साथ आए थे, तब दोनों दलों को लोकसभा और विधानसभा चुनावों में फायदा हुआ था।
हालांकि, आगामी विधानसभा चुनाव के लिए सीटों का बंटवारा किस आधार पर होगा, इस पर उन्होंने कोई अंतिम जानकारी नहीं दी।
4. सपा कितनी सीटें जीतेगी, इस पर भी साधी चुप्पी
जब अखिलेश यादव से पूछा गया कि इस बार समाजवादी पार्टी कितनी सीटें जीतेगी, तो उन्होंने संख्या बताने से परहेज किया। उन्होंने कहा, “इस बार आपको आखिरी दिन ही बताऊंगा।”
उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर अभी सीटों की संख्या बता दी तो विरोधी सक्रिय हो जाएंगे और उनके खिलाफ काम करने लगेंगे।
5. मुख्यमंत्री से बोले- तुरंत इस्तीफा दे दें
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए दो शब्दों में संदेश देने के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा, “इस्तीफा दे दें तुरंत।” उन्होंने बीजेपी के डबल इंजन सरकार के नारे पर भी निशाना साधते हुए कहा कि दोनों इंजन आपस में टक्कर मार रहे हैं और डबल इंजन जीरो हो चुके हैं।
अखिलेश यादव ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक नतीजे आएंगे और पीडीए के लोग अपनी सरकार बनाएंगे। उन्होंने पीडीए का अर्थ पीड़ित, दुखी और अपमानित लोग बताते हुए सामाजिक न्याय को अपनी चुनावी रणनीति का हिस्सा बताया।
पूरी खबर पढ़ने और देखने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें। 👇
🌐 digitallivenews.com